रेलवे बोर्ड ने अपने सभी जोन्स को सुरक्षा श्रेणी में पदोन्नति की रिक्तियों को भरने के लिए एक “विशेष अभियान” शुरू करने का निर्देश दिया है। जिसके तहत बडे़ पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी। इससे पहले ओडिशा के बालासोर में हुए भयानक ट्रेन हादसे के बाद रेलवे की जमकर किरकिरी हो रही थी, जिसे देखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है।
रेलवे बोर्ड ने सभी रेलवे जोन के महाप्रबंधकों अंतरिम आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि बोर्ड ने समय-समय पर पदोन्नति रिक्तियों को भरने की आवश्यकता पर बल देते हुए यह निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि रेलवे को चयन/गैर-चयन/ट्रेड टेस्ट/एलडीसीई (सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा)/जीडीसीई (सामान्य विभागीय प्रतियोगी परीक्षा) जैसे पदोन्नति के सभी तरीकों का उपयोग करना सुनिश्चित करना चाहिए, जिससे कि रिक्तियों को समय पर भरा जा सके।
आदेश में कहा गया कि जोनल रेलवे को उनके यहां खाली पदों का ब्योरा तैयार करना चाहिए और उन पर भर्ती की योजना बनानी चाहिए। जोन इसके लिए विशेष अभियान चला सकते हैं। यह देखने में आया है कि जोनल रेलवे अपने साथ साझा की जाने वाली गूगल-शीट पर मासिक पदोन्नति और तिमाही लक्ष्यों से संबंधित आंकड़े नियमित रूप से नहीं भर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि ये शीट रेलवे में रिक्तियों का एक केंद्रीय डेटाबेस बनाती हैं। कहा गया है कि अपेक्षित डेटा को तुरंत भरने की व्यवस्था की जाए, क्योंकि उच्चतम स्तर पर स्थिति की निगरानी की जा रही है। कुल मिलाकर, अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की कमी राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर के साथ हर वक्त समस्या बनी हुई है।